कोटद्वार/रिखणीखाल। पौड़ी जिले के रिखणीखाल विकासखंड के छणियाणी गांव में चोरों ने एक पूर्व शिक्षक के बंद घर के ताले तोड़कर वहां रखे लाखों रुपये के जेवर और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। परिवार के सभी लोग 17 अप्रैल को दिल्ली में अपने परिजनों की शादी में गए थे। बृहस्पतिवार को जब गृहस्वामी घर लौटे तो घर के सभी कमरों और आलमारी के ताले टूटे मिले। घटना से पूरा परिवार सकते में है। मामले की रिपोर्ट पैनो पटवारी सर्किल में दर्ज करा दी गई है। शुक्रवार सुबह कानूनगो रिखणीखाल की अगुवाई में राजस्व पुलिस की टीम गांव का दौरा कर मामले की छानबीन करेगी।
पैनो पट्टी के छणियाणी गांव निवासी पूर्व शिक्षक केशर सिंह रावत पुत्र बेलम सिंह रावत अपने परिवार समेत गत 17 अप्रैल को दिल्ली शादी में गए थे। शुक्रवार को जब वे गांव लौटे तो घर के सभी कमरों के ताले टूटे देख उनके होश उड़ गए। घर का हर कमरा, आलमारी, बक्सा, बेड खंगाला गया था। सामान बिखरा पड़ा था। गृहस्वामी ने इसकी सूचना पटवारी पैनों के यहां दर्ज कराई है। घर से एक सोने का गुलबंद, दो लाकेट, एक कुंडल, एक अंगूठी, दो मांग टीके, दो बुलाक और 22 चांदी के सिक्के चोरी हुए हैं। दुर्गम क्षेत्र होने और घर की जरूरत के हिसाब से घर में अलग-अलग कमरों में रखे गए बक्सों, अटैचियों और आलमारी में छिपाकर रखी पौने दो लाख रुपये की नगदी भी चोरी कर लिए गए हैं। पीड़ित पूर्व शिक्षक ने बताया कि उनकी दो बहुओं के सभी जेवर चोरी गए हैं। लैंसडौन के प्रभारी तहसीलदार सोहन सिंह असवाल ने बताया कि मामला पंजीकृत कर लिया गया है। सूचना मिलते ही पटवारी अंकित कुुमार घटनास्थल पहुंच गए थे। शुक्रवार को कानूनगो शंभूप्रसाद ममगाईं की अगुवाई में राजस्व पुलिस की टीम जांच के लिए घटनास्थल पहुंचेगी।
.
.
सिमलधर चुराणी में चार बंद घरों के भी टूटे ताले
कोटद्वार। रिखणीखाल थाना क्षेत्र सिमलधर चुराणी गांव के चार बंद घरों के भी चोरों ने ताले तोड़े हैं। ये सभी परिवार बाहर रहते हैं। ग्रामीणों को आशंका है कि छणियाणी और सिमलधर गांव में चोरी करने वाले एक ही गिरोह के सदस्य हैं, जिन्हें क्षेत्र का भूगोल अच्छी तरह से मालूम है। ग्रामीणों ने रिखणीखाल थाना पुलिस से बाहरी लोगों के सत्यापन की मांग की है।
फोटो समाचार