कोटद्वार। बिजली चोरी की आशंकाओं को देखते हुए ऊर्जा निगम की देहरादून स्थित विजिलेंस टीम ने कोटद्वार शहर और आसपास के गांवों में कई जगह छापेमारी की। शहर के लकड़ीपड़ाव मोहल्ले में दो लोगों के घर में बिजली चोरी पाई गई। मौके पर चोरी की केबल जब्त कर ली गई है। उनके खिलाफ कोतवाली में बिजली चोरी का मुकदमा दर्ज करवाया गया है।
उपखंड अधिकारी प्रथम राकेश शर्मा ने बताया कि बिजली चोरी की आशंकाओं के चलते देहरादून से विजिलेंस टीम सोमवार को कोटद्वार पहुंची थी। टीम ने स्थानीय अधिकारियों के साथ लकड़ीपड़ाव, गाड़ीघाट, झूलाबस्ती, भाबर के निंबूचौड़, पदमपुर सुखरौ व पदमपुर मोटाढांक के कई उपभोक्ताओं के घरों में मीटर चेकिंग की। लकड़ीपड़ाव और प्रजापति मोहल्ले में कई घरों में बिजली के कनेक्शन जांचे गए। इस दौरान दो उपभोक्ताओं राजकुमार और इरफान के यहां बिजली चोरी कर जलाई जा रही थी। एक घर में मीटर को बाईपास कर केबल से बिजली चोरी हो रही थी, जबकि दूसरे के यहां कनेक्शन कटने के बाद भी डायरेक्ट केबल लगाकर बिजली चोरी होते पाई गई। उनके खिलाफ बिजली चोरी की संबंधित धाराओं में मुकदमा कराया गया है।