कोटद्वार। पदमपुर मोटाढांक क्षेत्र के नंदपुर गांव में मंगलवार रात एक ट्रैक्टर-ट्राली वाले ने एक वृद्ध के साथ गालीगलौज, मारपीट के साथ ही उसे ट्रैक्टर से कुचलने का प्रयास किया। वृद्ध ने किसी तरह अपनी जान बचाई। परिजनों ने घटनाक्रम की सूचना पुलिस को दी। उधर, पुलिस ने इस मामले में अज्ञात ट्रैक्टर वाले के खिलाफ गालीगलौज का मुकदमा दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है।
नंदपुर निवासी वृद्ध कुशलानंद भट्ट ने बताया कि मंगलवार शाम को जब उन्होंने ट्रैक्टर वालों से दूसरे रास्ते नदी में उतरने और आवाजाही की बात कही तो उनके साथ गालीगलौज और मारपीट कर दी । कहा कि एक बिना नंबर के ट्रैक्टर और ट्राली वाले ने तेजी से उनके ऊपर वाहन चढ़ाने का प्रयास किया। वह किसी तरह जान बचाकर निकले। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन खननकारी बेखौफ आवाजाही करते रहे। उधर, मवाकोट, कोठला और नंदपुर के ग्रामीणों ने अपना नाम न छापने की तर्ज पर बताया कि पुलिस, प्रशासन और वन विभाग की चुप्पी से मालन नदी में शाम ढलते ही अवैध खनन का तांडव शुरू हो जाता है। प्रभारी कोतवाल प्रदीप नेगी ने बताया कि तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।