कोटद्वार। शहर से सटे हरिसिंगपुर की गोकुल विहार कॉलोनी में चोरों ने कोटद्वार इनकम टैक्स में कार्यरत कर्मचारी के घर के ताले तोड़कर चोरी का प्रयास किया, लेकिन सेंटर लॉक न टूटने से चोर कामयाब नहीं हो सके। घर में ताला डालकर पूरा परिवार शादी में शामिल होने के लिए बाहर गया हुआ था। गृहस्वामी ने पुलिस में मामले की तहरीर दे दी है।
कोटद्वार इनकम टैक्स कार्यालय में वरिष्ठ कर सहायक के पद पर कार्यरत संजय कुमार ने बताया कि उनका गोकुल विहार कॉलोनी में घर है। 10 नवंबर को पारिवारिक कार्य से वह बाहर गए थे। सोमवार दोपहर को जब लौटे तो घर के मेन गेट पर लगे दोनों ताले टूटे मिले। गनीमत यह रही कि चोर घर का सेंटर लॉक नहीं तोड़ सके।
उन्होंने बताया कि ताले तोड़ने से पहले चोरों ने घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे भी तोड़े।