कोटद्वार/सतपुली। नगर पालिका दुगड्डा और नगर पंचायत चुनाव की मतगणना के लिए प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। चार वार्डों वाली दुगड्डा नगर पालिका की मतगणना का काम शनिवार को पीजी कालेज कोटद्वार में ही होगा। बृहस्पतिवार को मतदान के बाद मतपेटियां पीजी कालेज कोटद्वार में बनाए गए स्ट्रांग रूम में जमा करवाई गई थी। यहां दुगड्डा की मतगणना के लिए चार टेबल लगाई गई हैं।
उधर, नगर पंचायत सतपुली में अध्यक्ष पद के आरओ/उप जिलाधिकारी अनिल चन्याल ने बताया कि शनिवार को राजकीय इंटर कॉलेज, सतपुली में शनिवार को सुबह 8 बजे से होने वाली मतगणना के लिए चार टेबलें लगाई गई हैं। सीसीटीवी की निगरानी में होने वाली मतगणना में पहले चारों वार्ड के सभासदों की मतगणना की जाएगी। इसके बाद अध्यक्ष पद की मतगणना होगी। उन्होंने कहा कि मतगणना के लिए समुचित फोर्स एवं कर्मियों की तैनाती के अलावा मतगणना स्थल पर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।