कोतवाली पुलिस ने 209 कनस्तर अवैध लीसा बरामद किया है। इस सिलसिले में ट्रक चालक और परिचालक को गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़े गए लीसा की कीमत करीब साढ़े तीन लाख रुपये आंकी गई है। उसे ट्रक के गुप्त केबिन में छिपाकर अल्मोड़ा के देघाट से धुमाकोट-दुगड्डा कोटद्वार होते हुए मुरादाबाद ले जाया जा रहा था। पुलिस ने वन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार बृहस्पतिवार तड़के करीब साढ़े छह बजे मुखबिर से मिली सूचना पर प्रभारी कोतवाल विजय सिंह और एसआई विनोद कुमार ने चौकी पुलिस के साथ दुगड्डा में नाकेबंदी कर वाहनों की चेकिंग की। । इस दौरान संदेह होने पर धुमाकोट की ओर से आ रहे ट्रक को रोक कर तलाशी ली गई। पहली नजर में ट्रक खाली दिख रहा था पर जब उसकी गहन तलाशी ली गई तो उसमें एक केबिन मिला जिसमें सूखे लीसा से भरे 209 कनस्तर छिपाए हुए थे। प्रभारी कोतवाल ने बताया कि पूछताछ में चालक और परिचालक ने तस्करी के जरिए लीसा नजीबाबाद होते हुए मुरादाबाद ले जाने की बात स्वीकारी।
पुलिस ने चालक शिवराज सिंह बिष्ट निवासी ग्राम गोलनकड़िया थाना और जिला अल्मोड़ा और परिचालक जगदीश सिंह देवड़ी, ग्राम देवड़ी, पट्टी नैनी तहसील, जिला अल्मोड़ा को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ वन उपज की तस्करी का मामला दर्ज करते हुए वन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने उन्हें यहां न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय में पेश किया जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में पौड़ी जेल भेज दिया गया है।