बाहरी जिलों और राज्यों से आने वाले प्रत्येक पर्यटक को होटल में रुकने के लिए 72 घंटे पूर्व की नेगेटिव रिपोर्ट लाना जरूरी होगा। लैंसडौन पुलिस ने नगर व जयहरीखाल ग्रामीण क्षेत्र के होटल व्यवसायियों को नियमों का पालन करने के सख्त निर्देश दिए हैं।
होटल स्वामियों व प्रतिनिधियों के साथ हुई बैठक में लैंसडौन कोतवाल संतोष सिंह कुंवर ने कहा कि कोरोना संक्रमण के बढ़ते प्रभाव के कारण पुलिस अधीक्षक के दिशा निर्देशों के तहत होटलों, होम स्टे, गेस्ट हाउसों में बाहरी जिले, राज्यों से आने वाले प्रत्येक पर्यटक को अपने साथ कोरोना से संबंधित नेगेटिव रिपोर्ट लाना अनिवार्य होगा। इसके अलावा सार्वजनिक स्थानों एवं कार्यस्थलों पर अनिवार्य रूप से मास्क पहनना और सामाजिक दूरी का कड़ाई से पालन करना अनिवार्य होगा। उन्होंने होटल स्वामियों को हिदायत दी कि जो कोई भी इसका उल्लंघन करता मिला तो उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर एसआई रचना रानी, लैंसडौन होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष सलीमउर रहमान, जयहरीखाल ग्रामीण एसोसिएशन के अध्यक्ष सुनील बख्शी, अजय शंकर ढौंडियाल, प्रकाश चंद्र अग्रवाल, अजय अग्रवाल, संजय नेगी, प्रशांत नेगी, गंगा जुयाल आदि मौजूद थे। संवाद