बेस अस्पताल में कोरोना संक्रमण का उपचार करा रहे एक 76 वर्षीय वृद्ध की हायर सेंटर ले जाते समय एंबुलेंस में मौत हो गई। वृद्ध के परिजनों ने स्वास्थ्य विभाग पर एंबुलेंस में ऑक्सीजन की व्यवस्था नहीं करने का आरोप लगाया।
बेस अस्पताल के पीएस डा. बीसी काला ने बताया कि 24 सितंबर की सुबह रतनपुर कुंभीचौड़ निवासी वृद्ध परिजनों के साथ ओपीडी में डा. जेसी ध्यानी के पास पहुंचे थे। डॉक्टर ने उन्हें निमोनिया की शिकायत होने पर भर्ती कर दिया। उनका कोरोना सैंपल लिया गया जिसमें वह कोरोना पॉजिटिव आए। इसके बाद उन्हें कोरोना वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया। बताया कि पहले दिन से ही वृद्ध का ऑक्सीजन लेवल कम पाया गया था। 25 सितंबर को ऑक्सीजन लेवल अधिक कम होने के बाद डाक्टरों ने परिजनों को उन्हें हायर सेंटर ले जाने की सलाह दी थी। शनिवार सुबह पांच बजे वृद्ध की तबीयत अधिक खराब होने पर दो ऑक्सीजन सिलेंडरों से लेस अस्पताल की एंबुलेंस से उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। उधर, वृद्ध के परिजन और पार्षद हरीश नेगी ने स्वास्थ्य विभाग पर एंबुलेंस में ऑक्सीजन नहीं होने का आरोप लगाया। कहा कि बेस अस्पताल से रेफर होने के बाद उन्हें सरकारी एंबुलेंस से मैक्स अस्पताल देहरादून ले जा रहे थे। नजीबाबाद के पास एंबुलेंस में रखा ऑक्सीजन समाप्त हो गया, जिसके कारण मरीज की मौत हो गई। एसएसआई प्रदीप नेगी ने बताया कि रतनपुर कुंभीचौड़ निवासी वृद्ध की कोरोना गाइडलाइन के अनुसार अंतिम संस्कार कर दिया गया है।
मेडिकल कालेज में चमोली जिले की महिला की मौत
श्रीनगर। राजकीय मेडिकल कॉलेज के कोविड अस्पताल में भर्ती चमोली जिले की कोरोना पॉजिटिव एक महिला की मौत हो गई। मेडिकल कॉलेज के पीआरओ अरुण बडोनी ने बताया कि चमोली जिले के रावलनगर (गौचर) की 48 वर्षीय महिला को सांस लेने में दिक्कत होने पर 24 सितंबर को यहां लाया गया था। रेपिड टेस्ट में वह कोरोना संक्रमित पाई गई, जिसके चलते उसे कोविड अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया था। 25 सितंबर की शाम को महिला ने दम तोड़ दिया। महिला को सांस लेने में समस्या हो रही थी, जिसके चलते हार्टअटैक से उसकी मौत हो गई।
होम आइसोलेशन के उल्लंघन पर सफाई कर्मी के खिलाफ मुकदमा
बड़कोट। तहसील कार्यालय में तैनात सफाई कर्मचारी की ओर से होम आइसोलेशन के नियमों का उल्लंघन करने पर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। एसडीएम बड़कोट सोहन सिंह सैनी ने बताया कि तहसील कार्यालय में तैनात एक सफाई कर्मी की तबियत खराब होने पर वह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़कोट गया था। कोरोना जांच के लिए उसका सैंपल लेकर होम आइसोलेशन में रहने को कहा गया था। कुछ दिन बाद उक्त कर्मचारी की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर जब कोविड-19 की टीम उसके आवास पर पहुंची तो वह वहां नहीं मिला। पता चला कि वह अपने पैतृक गांव जैतरा बिजनौर उत्तरप्रदेश चला गया। होम आइसोलेशन के नियमों का उल्लंघन करने पर उक्त कर्मचारी के विरुद्ध भादंसं की धारा 188, 269, 270, 271 तथा आपदा प्रबंधन एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कराई गई है।
21 लोग मिले कोरोना संक्रमित
नई टिहरी। टिहरी जिले में शनिवार को 21 कोरोना पॉजिटिव मिलने से संक्रमितों की संख्या 2088 पहुंच गई है, जिनमें से 1783 लोग स्वस्थ होकर घर लौट गए हैं।
एडीएम शिव चरण द्विवेदी ने बताया कि नरेंद्रनगर ब्लॉक के 11, हिंडोलाखाल पांच, चंबा, कीर्तिनगर में दो-दो और भिलंगना में एक व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव मिला हैं। 570 लोगों की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। संवाद
कोटद्वार में एक परिवार के पांच सदस्य संक्रमित
कोटद्वार। कोटद्वार क्षेत्र में एक ही परिवार के पांच सदस्यों सहित 19 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले। स्वास्थ्य विभाग ने सभी संक्रमितों को आइसोलेट कर उपचार शुरू कर दिया है। संक्रमितों के सीधे संपर्क में आने वाले लोगों की सूची तैयार की जा रही है। सीएमओ पौड़ी डा. मनोज बहुखंडी ने बताया कि सिगड्डी ग्रोथ सेंटर की एक इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनी में शुक्रवार को 47 कर्मचारी संक्रमित पाए गए थे। शनिवार को पांच अन्य कोरोना रिपोर्ट में संक्रमित मिले हैं। संवाद
ग्रेफ के नौ, सेना के छह जवान समेत 35 पॉजिटिव
गोपेश्वर। चमोली जिले में शनिवार को 35 लोगों की रिपोर्ट कोराना पॉजिटिव मिली, जिसमें सबसे ज्यादा 24 मामले जोशीमठ ब्लाक में सामने आए हैं। माणा गांव में सड़क निर्माण कार्य देख रहे ग्रेफ के नौ और सेना के छह जवानों के अलावा हिंदुस्तान कंपनी हेलंग में तीन, सीएचसी व जोशीमठ बाजार में दो-दो तथा जोशीमठ थाना व पंजाब नेशनल बैंक शाखा के एक-एक कर्मी की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली। इसके अलावा कर्णप्रयाग में 3, गोपेश्वर, गौचर व थराली में 2-2 तथा देवाल और सिमली में 1-1 व्यक्ति की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव पाई गई। जिले में कोरोना वायरस से अब तक 926 लोग संक्रमित हुए हैं। जिनमें से 571 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। पीपलकोटी में शनिवार को 138 व्यापारियों के कोरोना टेस्ट लिए गए।
पौड़ी में आए 80 कोरोना पॉजिटिव
पौड़ी/श्रीनगर। जिले में शनिवार को 80 कोरोना पॉजिटिव केस आए। इनमें दुगड्डा ब्लाक के विभिन्न क्षेत्रों में 55, मुख्यालय पौड़ी के कंडोलिया में एसएसबी के प्रशिक्षण केंद्र में 22 जवान और शहर के अन्य लोग शामिल हैं। कोविड वॉर रूम प्रभारी डा. अशोक तोमर ने बताया कि संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों को ट्रेस किया जा रहा है।
वहीं श्रीनगर के स्वीत गांव में 12 समेत श्रीनगर तहसील में कुल 20 कोरोना संक्रमित पाए गए। इनमें श्रीकोट का एक परिवार भी शामिल है। स्वीत में कोरोना संक्रमण के केस बढ़ने पर शनिवार को एसडीएम दीपेंद्र नेगी, सीओ एसडी नौटियाल, सिटी रिस्पांस टीम प्रभारी बलवंत चौहान और डा. अनिल बिष्ट ने टीम के साथ गांव का निरीक्षण किया। एसडीएम ने बताया कि गांव के संबंध में मेडिकल टीम और ग्रामीणों से जानकारी ली गई है। गांव में मेडिकल टीम भेजकर सैंपलिंग कराई जाएगी। ब्यूरो/संवाद
मेहलचौंरी बाजार रहा बंद
गैरसैंण/पीपलकोटी/आदिबदरी। कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए व्यापार संघ के आह्वान पर शनिवार को मेहलचौंरी कस्बा बंद रहा। व्यापारियों ने बैठक कर कहा कि रविवार को भी बाजार बंद रखा जाएगा। सीएचसी के डॉ. फिरोजखान ने कहा कि मेहलचौरी में संक्रमितों के संपर्क में आने वाले 40 लोगों के सैंपल लिए गए हैं।
वहीं पीपलकोटी में जिला प्रशासन की ओर से व्यापारियों के कोरोना टेस्ट किए गए। स्वास्थ्य विभाग चमोली की टीम ने बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति विश्राम गृह में व्यापारियों और नगर पंचायत के कर्मियों के भी सैंपल लिए। वहीं आदिबदरी में शिविर लगाकर 96 लोगों के कोरोना सैंपल लिए गए। भलसों, जुलगढ, ढमकर, नगली, थापली, हरगांव, खाल कुमखोडी, नौना, मैतोली गांवों से ग्रामीण कोरोना जांच के लिए पहुंचे। संवाद