बलूनी पब्लिक स्कूल मोटाढांक तल्ला के खेल मैदान में आयोजित स्व. राजेश भारद्वाज स्मृति द्वितीय क्रिकेट टूर्नामेंट सोमवार से शुरू हो गया है। उद्घाटन मैच में कांवेंट स्कूल ने आदर्श विद्या निकेतन को हराकर बाजी मारी।
सोमवार को बलूनी पब्लिक स्कूल के खेल मैदान में टूर्नामेंट का शुभारंभ बतौर मुख्य अतिथि सीओ अनिल जोशी और गढ़वाल सांसद तीरथ सिंह रावत की पत्नी डा. रश्मि त्यागी रावत ने संयुक्त रूप से किया। अपने संबोधन में सीओ अनिल जोशी ने खिलाड़ियों से अनुशासित रहकर खेल भावना के साथ खेलने की अपील की। उद्घाटन मैच में कांवेंट स्कूल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 10 ओवरों में 2 विकेट पर 112 रन बनाए। शिवम नौडियाल ने सर्वाधिक 67 रन बनाए। निर्धारित लक्ष्य का पीछा करने उतरी एवीएन पब्लिक स्कूल की टीम 70 रनों पर ऑलआउट हो गई। दूसरा मैच बाल भारती स्कूल और बलूनी पब्लिक स्कूल के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बाल भारती स्कूल ने निर्धारित 10 ओवरों में 66 रन बनाए। बलूनी पब्लिक स्कूल के प्रियांशु भंडारी ने हैट्रिक ली। निर्धारित लक्ष्य का पीछा करने उतरी बलूनी पब्लिक स्कूल ने तीन विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर जीत दर्ज की। वहीं कौस्तव ध्यानी ने 35 रन बनाए। इस अवसर पर बलूनी पब्लिक स्कूल की डायरेक्टर अभिलाषा भारद्वाज, विद्यालय के प्रबंधक रोशन भारद्वाज, प्रधानाचार्य डा. अनुराग व स्टॉफ मौजूद रहा।