लोनिवि और सिंचाई विभाग के ईई से हुई वार्ता
जिला व राज्य योजना के कार्यों में अनियमितताओं पर जताई नाराजगी
कोटद्वार। पर्वतीय ठेकेदार संघ के पदाधिकारियों ने शनिवार को लोनिवि दुगड्डा के अधिशासी अभियंता निर्भय सिंह और सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता अनिल राठौर से मुलाकात कर ठेकेदारों की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। संगठन ने जिला योजना एवं राज्य योजना के तहत कराए जा रहे विकास कार्यों में कथित अनियमितताओं पर चिंता जताते हुए कार्यों में पूरी पारदर्शिता लाने की मांग की।
वार्ता के दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि ठेकेदारों के साथ किसी भी प्रकार का भेदभाव स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों से निविदा प्रक्रिया एवं कार्य आवंटन में निष्पक्षता बरतने और सभी कार्यों को पारदर्शी तरीके से कराने की मांग की। पदाधिकारियों का कहना था कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने को बाध्य होगा।
संगठन के अध्यक्ष देवेंद्र पाल सिंह ने कहा कि ठेकेदार लंबे समय से विभिन्न समस्याओं से जूझ रहे हैं। बैठक में कोषाध्यक्ष जयप्रकाश, उपाध्यक्ष आशीष रावत, सचिव राकेश कला, विपिन चौहान, हरीश नेगी, दिनेश रावत, विकास माहेश्वरी, भास्कर वर्मा, मोहन पोखरियाल, संरक्षक किशोर लखेड़ा आदि मौजूद रहे।