ब्लॉक मुख्यालय पर प्रदर्शन कर जताया आक्रोश
बोले, यमकेश्वर के गांवों में गुलदार की दहशत से लोग हैं परेशान
कोटद्वार/यमकेश्वर। क्षेत्र के कई गांवों में बढ़ते गुलदार के आतंक से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। आए दिन गुलदार के ग्रामीणों और पालतू मवेशियों पर हमले की घटनाओं को देखते हुए गुमालगांव के पूर्व जिला पंचायत सदस्य व वरिष्ठ कांग्रेस नेता विनोद डबराल ने ग्रामीणों के साथ बडोल गांव में लालढांग के रेंज अधिकारी का घेराव किया। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने यमकेश्वर खंड विकास कार्यालय में प्रदर्शन किया। उन्होंने बीडीओ को ज्ञापन सौंपकर गांवों के मुख्य पैदल मार्गों और आबादी के आसपास उगी झाड़ियों की तत्काल कटाई कराने की मांग की।
विनोद डबराल ने कहा कि घनी झाड़ियां गुलदारों के छिपने का ठिकाना बन रही हैं। इससे महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और खेतों में काम करने वाले ग्रामीणों में भय बना हुआ है। उन्होंने वन विभाग से संवेदनशील क्षेत्रों को चिह्नित कर गुलदार की निगरानी बढ़ाने और आबादी के आसपास झाड़ियों की सफाई कराने की मांग की। इस दौरान ग्रामीणों ने गुलदार के आतंक के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया।
बीडीओ आकाश बेलवाल ने लोगों को झाड़ी कटान का भरोसा दिलाया है। प्रदर्शन में क्षेत्र पंचायत सदस्य जयहरी मल्ली भगत सिंह नेगी, जिला पंचायत सदस्य गुमालगांव कविता डबराल, प्रेमलाल जखमोला, दीपक चंदा शामिल थे।