परिवर्तन संकल्प यात्रा के तहत निकाला जुलूस
महंगाई, बेरोजगारी, अग्निवीर योजना और अंकिता भंडारी प्रकरण पर सरकार को घेरा
लैंसडौन। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस के आह्वान पर बृहस्पतिवार को लैंसडौन मुख्यालय में परिवर्तन संकल्प यात्रा एवं सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार की नीतियों को जनविरोधी बताते हुए महंगाई, बेरोजगारी, शिक्षा, स्वास्थ्य, अग्निवीर योजना और अंकिता भंडारी हत्याकांड जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरा। सम्मेलन के बाद कार्यकर्ताओं ने गांधी चौक तक जुलूस निकालकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन और नारेबाजी की।
मुख्य अतिथि कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा कि भाजपा सरकार की गलत नीतियों के कारण विकास कार्य प्रभावित हुए हैं और हर वर्ग परेशान है। उन्होंने अंकिता भंडारी हत्याकांड में सरकार के रवैये पर सवाल उठाते हुए अग्निवीर योजना को युवाओं के साथ अन्याय बताया। साथ ही पुरानी पेंशन योजना समाप्त किए जाने की भी आलोचना की।
पूर्व मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण ने कहा कि प्रदेश में विकास कार्य ठप पड़े हैं। पूर्व राज्य मंत्री धीरेंद्र प्रताप सिंह ने शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल स्थिति का उल्लेख करते हुए छावनी क्षेत्र में भवनों की लीज बढ़ाने की समस्या उठाई। कांग्रेस नेता रघुवीर बिष्ट ने बेरोजगारी और पलायन को गंभीर चुनौती बताते हुए कहा कि सरकार कैंट क्षेत्र की समस्याओं का समाधान नहीं कर सकी। पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष कर्नल (सेवानिवृत्त) रामरतन सिंह नेगी ने अग्निवीर योजना का विरोध किया। कांग्रेस नेता सूर्यकांत धस्माना ने बढ़ती महंगाई को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। सम्मेलन के बाद डॉ. हरक सिंह रावत के नेतृत्व में गांधी चौक से धर्मशाला तक और वापस गांधी चौक तक जुलूस निकाला गया।
कार्यक्रम में पिंकी नेगी, रश्मि पटवाल, विक्रांत खंतवाल, अरविंद नेगी, रोशन शाह, गंभीर सिंह रावत, सौरभ नेगी, सैन सिंह मौजूद रहे।