कोटद्वार विधानसभा चुनाव के तहत रिटर्निंग अधिकारी एसडीएम मुक्ता मिश्र ने मतदान केंद्रों की व्यवस्था को लेकर बीएलओ और सुपरवाइजरों की बैठक ली। उन्होंने सुपरवाइजरों को विधानसभा क्षेत्र के सभी 141 पोलिंग बूथ से संबंधित सभी कार्यों को पूूर्ण करने के निर्देश दिए। कहा कि मतदान केंद्र की सभी व्यवस्थाएं कर एक सप्ताह में रिपोर्ट दें। साथ ही अधिकारियों को बूथ की व्यवस्था में लापरवाही बरतने पर कार्रवाई करने की चेतावनी दी।
तहसील सभागार में कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र के सुपरवाइजरों की बैठक में रिटर्निंग अधिकारी मुक्ता मिश्र ने कहा कि विधानसभा के 141 पोलिंग बूूथ पर एक सप्ताह में बिजली, पानी की उचित व्यवस्था की जाए। किसी पोलिंग बूथ पर कमी है तो प्रशासन को अवगत कराएं। कहा कि दिव्यांग मतदाताओं के लिए पोस्टल बैलेट के माध्यम से मतदान देने की सुविधा दी जानी है। पोलिंग बूथ पर किसी प्रकार का बैनर पोस्टर और चित्र बना हुआ नहीं नजर आना चाहिए। उन्होंने सभी बीएलओ और सुपरवाइजरों को संबंधित मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर पूरी व्यवस्थाओं की एक सप्ताह में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। चेताया कि इसके बाद भी मतदान केंद्रों में कमी पाए जाने पर संबंधित अधिकारी को जिम्मेदार ठहराया जाएगा।
कोविड गाइडलाइन का करें पालन
कोटद्वार। रिटर्निंग ऑफिसर और एसडीएम मुक्ता मिश्र ने तहसील में राजनीतिक दलों की बैठक ली। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को आदर्श आचार संहिता के तहत कोविड-19 गाइडलाइन एवं निर्वाचन आयोग की ओर से उम्मीदवारों के लिए जारी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। तहसील सभागार में आयोजित बैठक में रिटर्निंग ऑफिसर मुक्ता मिश्र ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को चुनाव और चुनाव प्रचार के दौरान कोविड गाइडलाइन का पालन करने की अपील की। साथ ही निर्वाचन नियमावली, बूथों के संबंध में जानकारी दी। कहा कि कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र में दो सहायक बूथ पहला पदमपुर और दूसरा कलालघाटी में बनाया गया है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों को बैलेट वोट और प्रपत्रों के बारे में भी बताया। इस मौके पर एआरओ संजय कुमार, विनोद कुमार कटारिया समेत तहसील कर्मी मौजूद रहे।