विधानसभा अध्यक्ष और मेयर ने तीर चलाकर किया उद्घाटन
23 जुलाई तक चलेगी प्रतियोगिता
कोटद्वार। बलूनी पब्लिक स्कूल में सोमवार से सीबीएसई नॉर्थ जोन आर्चरी चैंपियनशिप का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी और मेयर शैलेंद्र रावत ने तीर चलाकर किया।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं से कोटद्वार की पहचान भी मजबूत होगी। मेयर शैलेंद्र रावत ने भी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विद्यालय प्रबंधन की ओर से बताया गया कि प्रतियोगिता का आयोजन 23 जुलाई तक किया जाएगा। इसमें उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों और शहरों से आए विभिन्न आयु वर्ग के करीब 650 खिलाड़ी निशानेबाजी में अपनी प्रतिभा एवं क्षमता का प्रदर्शन करेंगे। कार्यक्रम में बलूनी ग्रुप ऑफ एजुकेशन के मैनेजिंग डायरेक्टर विपिन बलूनी, बलूनी पब्लिक स्कूल की डायरेक्टर अभिलाषा भारद्वाज मौजूद रहे।