कोटद्वार। भाबर क्षेत्र के नींबूचौड़ में एक युवक को चाकू मारने और गाली गलौच करने के आरोप में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। वार्ड नंबर 27 दुर्गापुर के जीवानंदपुर निवासी दीपक नेगी पुत्र प्रताप सिंह नेगी को गंभीर हालत में बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है।
मामले में पीड़ित को ओर से तीन लोगों को नामजद करते हुए कोतवाली पुलिस को तहरीर दी गई है। तहरीर में दीपक ने कहा कि वह रात नौ बजे किसी काम से बाजार आया हुआ था। वापसी में नींबूचौड़ स्थित पुल के पास कुछ युवक खड़े थे। उसने युवकों से हटने के लिए कहा। इस दौरान एक युवक ने उसके साथ गाली गलौच करते हुए उसे जान से मारने के इरादे से चाकू घोंप दिया। शोर सुनकर पहुंचे आसपास के लोगों ने किसी तरह बीच बचाव किया। उसने बताया कि इसके बाद आरोपी पिस्टल लहराते हुए वहां से गाड़ी में बैठकर मौके से फरार हो गए। एसएसआई प्रदीप नेगी ने बताया कि तहरीर के आधार पर आशीष केष्टवाल निवासी शिवपुर, धीरेंद्र सिंह रावत उर्फ धीरू मास्टर निवासी त्रिलोकपुरी शिवपुर और आशीष भंडारी के खिलाफ आईपीसी की धारा 324, 504, 506 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
-फोटो