कोटद्वार। जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय लैंसडौन की ओर से वन रैंक वन पेंशन लागू होने के दस वर्ष पूर्ण होने पर स्मरण उत्सव मनाया गया। बृहस्पतिवार को सैनिक विश्राम गृह परिसर में जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी लैंसडौन कर्नल ओमप्रकाश फरसवान (रि.) की अध्यक्षता में आयोजित स्मरण उत्सव में वृद्ध पूर्व सैनिकों, समस्त पूर्व सैनिक संगठनों के अध्यक्षों, सफल उद्यमी पूर्व सैनिकों एवं वीर नारियों को सम्मानित किया गया। पूर्व सैनिकों की समस्याओं के निराकरण एवं विभिन्न सूचनाओं के लिए स्पर्श टीम, अभिलेख कार्यालय, वेतन कार्यालय लैंसडौन, भूतपूर्व सैनिक अंशदायी स्वास्थ्य योजना (ईसीएचएस) एवं जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय लैंसडौन के स्टाल लगाए गए। कार्यक्रम में ही पूर्व सैनिकों की समस्याओं का समाधान किया गया। साथ ही पूर्व सैनिकों के डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट भी बनाए गए।
जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कर्नल ओमप्रकाश फरसवान (रि.) ने रोल ऑफ आर्मी वेटेरंस इन नेशन बिल्डिंग विषय पर छात्र-छात्राओं को हेड हेरिटेज एकेडमी कोटद्वार में व्याख्यान दिया। सहायक अधिकारी सूबेदार महेंद्र सिंह रावत (रि.) के संचालन में आयोजित स्मरण उत्सव में पूर्व सैनिक संघर्ष संगठन गढ़वाल, पूर्व सैनिक लीग, मालिनी गौरव सेनानी संगठन भाबर कोटद्वार, बंगाल सेपर्स पूर्व सैनिक समिति समेत अन्य संगठनों के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिकों के अलावा जीएस कुकरेती, राजेश वर्मा, सतीश कुमार, दिनेश चंद्र, प्रदीप सिंह समेत जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय के कर्मचारी उपस्थित रहे।