प्रतियोगिता में पौड़ी जनपद की टीम रही प्रथम, खेल प्रेमियों में खुशी की लहर
कोटद्वार। देहरादून में आयोजित मुख्यमंत्री चैपियनशिप में कोटद्वार छात्रावास के मुक्केबाजी ने अपने पंच के जौहर बिखेरे। प्रतियोगिता में कोटद्वार छात्रावास के मुक्केबाजों ने 3 स्वर्ण, 2 रजत, 4 कांस्य समेत कुल 9 पदक जीतकर प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन से कोटद्वार स्टेडियम समेत स्थानीय खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है।
स्टेडियम इंचार्ज और बॉक्सिंग कोच श्याम सिंह डांगी ने बताया कि 23 से 25 जनवरी तक महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज देहरादून में मुख्यमंत्री चैंपियन ट्रॉफी आयोजित हुई। अंडर-19 बालक वर्ग में कोटद्वार छात्रावास के मुक्केबाज धर्मेंद्र थापा ने 46.48 किलोग्राम भार वर्ग में, विशाल थापा ने 48.50 किलोग्राम भार वर्ग में, अभिषेक ने 52.54 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीते।
कृष्णा ने 54.57 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक, अंशवीर ने 50. 52 किलोग्राम भार वर्ग, राज सिंह ने 57.63 किलोग्राम भार वर्ग, अंशुमन ने 50.52 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक जीता। बालिका वर्ग में शालिनी ने रजत पदक, कनक ने कांस्य पदक जीते।
जिला क्रीड़ाधिकारी जयवीर रावत, वरिष्ठ सहायक शिवम सिंह रावत, व्यायाम प्रशिक्षक प्रवीण बिष्ट, बॉक्सिंग रेफरी और जज शिवम घिल्डियाल और स्टेडियम के सभी कोचों ने बधाई देकर सभी छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।