कोटद्वार। रोडवेज डिपो पर ऑनलाइन टिकट बुकिंग की व्यवस्था नहीं होने का खामियाजा दूरदराज पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाले लोगों को भुगतना पड़ रहा है। या तो लोगों को बस छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ता है, या फिर खड़े-खड़े यात्रा करनी पड़ती है।कोटद्वार रोडवेज डिपो से केंद्र शासित राज्य दिल्ली, चंडीगढ़ एवं एनसीआर के अलावा हरियाणा, पंजाब, राजस्थान के प्रमुख स्टेशनों के लिए बसें संचालित होती हैं। ये बसें उन क्षेत्रों में जाती हैं, जहां कोटद्वार से सटे यूपी के नजीबाबाद रोडवेज डिपो से भी बसें संचालित नहीं होतीं। कोटद्वार से हरियाणा के गुरुग्राम, फरीदाबाद, पंजाब के पटियाला, अमृतसर, राजस्थान के जयपुर, यूपी की फिल्म सिटी नोएडा सहित कई प्रमुख स्टेशनों के लिए बसें संचालित होती हैं।
इनमें केवल तड़के चार व पांच बजे दिल्ली जाने वाली बसों के अलावा गुरुग्राम, फरीदाबाद और चंडीगढ़ की बसों में ही ऑनलाइन टिकट बुक करने की सुविधा है। वह भी यात्री अपने मोबाइल से ही बुक कर सकते हैं। इन बसों के ऑनलाइन टिकट की व्यवस्था रोडवेज डिपो के बुकिंग काउंटर पर उपलब्ध नहीं है।
.
बस पकड़ने में करनी पड़ती है मशक्कत
परिवहन के सीमित साधन होने और जगह-जगह मार्ग अवरुद्ध होने के कारण दुगड्डा, लैंसडौन, सतपुली, पौड़ी समेत कई उच्च पर्वतीय क्षेत्रों से लोग घंटों पहले कोटद्वार के लिए निकल पड़ते हैं। समय से पहले पहुंचने पर या तो उन्हें प्रतीक्षा करनी पड़ती है या अंतिम क्षणों में पहुंचने पर उन्हें सीट नहीं मिलती।
करनी पड़ी बस की प्रतीक्षा
वृद्ध मां को गुरुग्राम भेजने के लिए सतपुली निवासी एक व्यक्ति ने कोटद्वार में ऑनलाइन टिकट बुक कर मां को देकर जाने का प्रयास किया, तो उन्हें बताया गया कि काउंटर पर टिकट बुक करने की व्यवस्था नहीं है और बस के जाने में समय है। अपने मोबाइल से टिकट बुक करने की सलाह देने पर व्यक्ति ने साधारण मोबाइल होने की बात कही। आखिरकार मां-पुत्र को बस की प्रतीक्षा करनी पड़ी।
काउंटर पर ऑनलाइन टिकट बुक करने के लिए आईडी नहीं मिली है। नए भवन में इस व्यवस्था को लागू करने का प्रयास किया जाएगा। -अनुराग पुरोहित, एआरएम, कोटद्वार।