कोटद्वार/दुगड्डा। एनएच धुमाकोट ने मंगलवार शाम को कोटद्वार से दुगड्डा के बीच हाईवे पर पहाड़ी से आए भारी भरकम बोल्डर को ब्लाॅस्ट कर हटा दिया है। यह बोल्डर कई दिन से यहां पर यातायात को बाधित कर रहा था। इस कारण शाम पांच से सात बजे तक हाईवे दो घंटे बाधित रहा। ब्लाॅस्टिंग व मलबा साफ करने में एनएच खंड को पूरे दो घंटे लग गए। इस दौरान हाईवे पर वाहनों की कतार लग गई। जिससे पहाड़ से मैदान की ओर आने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कोटद्वार और दुगड्डा के बीच हाईवे से सटी पहाड़ी भूस्खलन व धंसाव की दृष्टि से काफी संवेदनशील बनी हुई है। इस बरसात में कई डेंजर जोन यहां बन गए हैं। जिससे लगातार मलबा और बोल्डर हाईवे पर गिर रहे हैं। करीब दो सप्ताह पूर्व सड़क पर दो भारी भरकम बोल्डर आ गए थे। जिनमें से एक को दो सप्ताह पूर्व ब्लॉस्ट कर हटाया गया था, लेकिन दूसरा नहीं तोड़ा जा सका था। एनएच खंड के अवर अभियंता आशीष सैनी ने बताया कि मंगलवार शाम को पांच बजे बोल्डर को ब्लॉस्टिंग कर तोड़ा गया। इसके बाद मलबा हटाने के लिए पोकलेन और जेसीबी लगाई गई। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद यातायात बहाल कर दिया गया। दो घंटे जाम के कारण शाम के समय पहाड़ी क्षेत्र से कोटद्वार आने वाले सैकड़ों वाहनों को मार्ग खुलने का इंतजार करना पड़ा। लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।