बेरोजगार युवाओं को भत्ता देने सहित 11 सूत्री मांगों के निराकरण को लेकर भरतीय जनता युवा मोर्चा ने ‘घेरा डालो डेरा डालो’ कार्यक्रम के तहत प्रदेश सरकार के खिलाफ सोमवार को कोटद्वार की सड़कों में जमकर प्रदर्शन किया।
सोमवार को कार्यकर्ता नजीबाबाद रोड स्थित एक होटल में एकत्रित हुए। यहां से प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए कार्यकर्ता तहसील परिसर में पहुंचे। वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश सरकार युवा विरोधी नीतियां अपनाकर बेरोजगार युवाओं का शोषण कर रही है।
भाजयुमो बीते कई सालों से उत्तराखंड में बेरोजगार युवाओं को शीघ्र बेरोजगारी भत्ता देने, सिडकुल में स्थानीय युवाओं को 70 प्रतिशत रोजगार देने, कोटद्वार को शीघ्र जिला बनाने, मेडिकल कालेज का शीघ्र निर्माण करवाने जैसी मांगों के निराकरण को लेकर प्रदेश सरकार से मांग कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी ओर ध्यान नहीं दे रही है।
इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष शैलेंद्र बिष्ट, पूर्व विधायक शैलेंद्र रावत, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष अमित भारद्वाज, पूर्व जिलाध्यक्ष धीरेंद्र चौहान, राजेंद्र अण्थवाल, मोहन सिंह, विशाल चौहान, नवनीत राजपूत, मनोज कुंडलिया व जंगबहादुर सिंह रावत आदि मौजूद थे।