श्रीनगर/कीर्तिनगर। देवप्रयाग विधान सभा क्षेत्र के अंतर्गत डागर पट्टी के चौकी गांव में कांग्रेस और भाजपा समर्थकों के बीच हुए विवाद में भाजपा जिला पंचायत सदस्य चंद्रपाल सिंह की ओर से दोषियों के खिलाफ लिखित शिकायत दी गई है। तहसीलदार कीर्तिनगर शंकर लाल चौरासिया की ओर से शिकायती पत्र लिए जाने के बाद भाजपा समर्थकों ने रविवार मध्यरात्रि में जाम खोला।
दुगड्डा-सौड़ू-पिपलीधार मोटर मार्ग पर रविवार को चौकी डागर गांव में वाहनों के आड़ा-तिरछा खड़ा करने के मामले में कांग्रेस प्रत्याशी मंत्री प्रसाद नैथानी और भाजपा प्रत्याशी विनोद कंडारी के समर्थकों में बोलचाल हो गई थी। आरोप है कि नैथानी के सुरक्षा कर्मी ने टैक्सी ड्राइवर सुरेंद्र नेगी को थप्पड़ मार दिया, जिससे नाराज लोगों ने जाम लगा दिया। मौके पर पहुंची रेगुलर पुलिस ने जाम खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन लोग माफी की मांग पर अड़े रहे। रात को मौके पर पहुंचे तहसीलदार चौरासिया को भाजपा जिला पंचायत थाती डागर चंद्रपाल सिंह ने लिखित शिकायत दी। तहसीलदार की ओर से शिकायत उच्च स्तर तक पहुंचाने का आश्वासन मिलने समर्थक शांत हुए। उन्होंने रविवार में मध्य रात्रि लगभग 12.00 बजे जाम खोल दिया। तहसीलदार चौरसिया ने बताया कि शिकायती पत्र रिटर्निंग आफिसर को भेज दिया गया है। साथ ही क्षेत्रीय राजस्व उप निरीक्षक को जांच के आदेश दिए गए हैं। विवाद को लेकर प्रजामंडल पार्टी के देवप्रयाग सीट प्रत्याशी समीर रतूड़ी ने कहा कि उन्होंने पूर्व मेें स्थानीय प्रशासन को पत्र भेजकर नैथानी के सुरक्षा कर्मी को हटाने की मांग की थी। उक्त सुरक्षा कर्मी स्थानीय होने की वजह से चुनाव में अपने पद का प्रभाव डाल रहा है।