कोटद्वार। भाजपा पार्षदों ने नगर निगम गठन के एक वर्ष बाद भी सभी 40 वार्डों में एक भी विकास कार्य न होने पर नाराजगी जताते हुए सोमवार को मेयर हेमलता नेगी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनका घेराव किया। इस मौके पर उन्होंने मेयर को ज्ञापन सौंपकर छह सूत्री मांगों के निराकरण की मांग उठाई।
सोमवार को भाजपा पार्षद नगर निगम कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने मेयर हेमलता नेगी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनका घेराव किया। पार्षदों का कहना था कि नगर निगम प्रशासन की ओर से प्रत्येक वार्ड में 40-40 स्ट्रीट लाइटें लगाई गईं, लेकिन कई स्थानों पर स्ट्रीट लाइटें लगने के एक दो दिन बाद ही खराब हो गईं। कहा कि कार्यदायी संस्था की ओर से न तो खराब लाइटों को बदला गया और न ही नई लाइटें लगाई गई हैं। उन्होंने कहा कि आपदा से क्षतिग्रस्त सिंचाई गूलों की मरम्मत नहीं होने से क्षेत्र के काश्तकार परेशान हैं। मलबे से पटी नहरों की सफाई भी अभी तक नहीं हुई है।
पार्षदों ने कहा कि नगर निगम में सम्मिलित भाबर की 35 ग्रामसभाओं में सफाई व्यवस्था चरमरा गई है। सफाई कर्मचारियों के बंटवारे में भी पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाया जा रहा है। जहां पूर्ववर्ती वार्डों मेें 10 से 20 सफाई कर्मचारी नियुक्त किए गए हैं, वहीं नए सृजित वार्डों में दो से तीन सफाई कर्मचारी ही तैनात किए गए हैं। नगर निगम में कराए जा रहे 109 कार्यों में भी भाजपा पार्षदों के साथ भेदभाव किया गया। जहां कांग्रेसी और निर्दलीय पार्षदों के वार्डों में 4-4 विकास कार्य करवाए जा रहे हैं, वहीं भाजपा के 16 पार्षदों के वार्डों में महज 2-2 विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। इस मौके पर मलबे से पटी, क्षतिग्रस्त नहरों की मरम्मत और सफाई कराने, खराब लाइटों को अविलंब बदलने, नव सृजित वार्डों में सफाई व्यवस्था बनाने और सफाई कर्मचारियों की तैनाती करने, लावारिस पशुओं के लिए गोशाला बनाने व बंदरों को पकड़ने के लिए पिंजरे की व्यवस्था करने और नगर निगम में रिक्त पदों को उपनल और पीआरडी के माध्यम से भरने की मांग की गई। घेराव करने वालों में भाजपा पार्षद सौरव नौडियाल, गायत्री भट्ट, रितु चमोली, ज्योति सिंह, नीरूबाला खंतवाल, कमल नेगी, कुलदीप रावत, मनीष भट्ट व जयदीप नौटियाल आदि शामिल रहे।
-फोटो