कोटद्वार। सर्दियों की दस्तक के साथ ही उच्च हिमालयी क्षेत्रों से प्रवासी पक्षियों ने निचले वन क्षेत्रों का रुख करना शुरू कर दिया है। लैंसडौन वन प्रभाग के कोल्हूचौड़ और कालागढ़ टाइगर रिजर्व (केटीआर) के जंगलों में भी इन दिनों देशी-विदेशी पक्षियों की चहचहाहट सुनाई देने लगी है। इन पक्षियों की प्रजातियों और उनकी संख्या का पता लगाने के लिए 14 और 15 नवंबर को तीसरे उत्तराखंड बर्ड काउंट का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत लैंसडौन वन प्रभाग और केटीआर के विभिन्न वन क्षेत्रों में पक्षियों की गणना की तैयारी कर ली गई है।
पक्षी विशेषज्ञ राजीव बिष्ट ने बताया कि उत्तराखंड बर्ड काउंट के लिए जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार प्रतिभागियों को कम से कम 15 मिनट तक एक स्थान पर पक्षियों का अवलोकन कर उनकी गणना करनी होगी। इसमें केवल पक्षियों की मौजूदगी का निशान लगाने के बजाय प्रत्येक पक्षी की वास्तविक संख्या दर्ज करनी होगी। सहायक वन संरक्षक (एसीएफ) रजत कपिल का कहना है कि लैंसडौन के जंगलों में खासकर कोल्हूचौड़ में प्रवासी पक्षियों ने दस्तक शुरू कर दी है।