कोटद्वार। बलूनी पब्लिक स्कूल की ओर से तीन दिवसीय बलूनी कप अंतर विद्यालयी फुटबाल टूर्नामेंट शुरू हो गया है। उद्घाटन मैच में मेजबान विद्यालय बलूनी पब्लिक स्कूल ने सिद्धबली पब्लिक स्कूल को हराया। प्रतियोगिता में नगर क्षेत्र समेत आसपास के स्थानों की कुल 22 टीमें प्रतिभाग कर रही हैं।
उद्घाटन मुख्य अतिथि वरिष्ठ अधिवक्ता एवं गढ़वाल कप अध्यक्ष अरुण भट्ट, दर्शन भंडारी, सुनील रावत ने संयुक्त रूप से किया। इस मौके पर बलूनी पब्लिक स्कूल के मैनेजिंग डायरेक्टर विपिन बलूनी, बलूनी क्लासेस की डायरेक्टर अभिलाषा भारद्वाज और बलूनी स्पोर्ट्स एकेडमी के निर्देशक अरुण नेगी ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
उद्घाटन मैच बलूनी (ए) और सिद्धबली पब्लिक स्कूल के बीच खेला गया। जिसमें बलूनी (ए) ने शानदार प्रदर्शन कर 4-0 से जीत दर्ज की। सचिन और अधिराज ने 2-2 गोल दागकर टीम की जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया। दूसरे मुकाबले में डैफोडिल पब्लिक स्कूल ने ज्ञान भारती पब्लिक स्कूल को 2-0 के अंतर से हराया।
तीसरे मैच में बलूनी (बी) ने नवयुग पब्लिक स्कूल को 1-0 के अंतर से हराया। चौथे मैच में कांवेंट स्कूल ने हैप्पी होम को 2-0 के अंतर से हराया। शुक्रवार को दूसरे दिन का पहला मैच बलूनी (ए) और एसजीआरआर, लालपानी के बीच हुआ, जिसमें बलूनी (ए) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 7-0 के अंतर से जीत दर्ज की। संदीप ने सर्वाधिक 3 गोल दागे। अधिराज ने 2 और सचिन व ध्रुव ने 1-1 गोल दागे। दूसरे मुकाबले में बाल भारती ने स्कालर्स की टीम 3-0 से हराया। बाल भारती की ओर से प्रियांशु और ओम ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। तीसरे मैच में एसजीआरआर कोटद्वार ने बलूनी (सी) को 2-0 के अंतर से हराया। आयुष और आर्यन ने एक-एक गोल दागे। चौथे मैच में आरपी पब्लिक स्कूल ने कृष जयंती की टीम को 15-0 के अंतर से हराया। आरपी की ओर से अर्पित, अंशुमन, कार्तिक, अथर्व और शुभम ने शानदार प्रदर्शन किया। शनिवार को टूर्नामेंट के सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे।