मांगें पूरी होने तक कार्य बहिष्कार जारी रखने की चेतावनी
कोटद्वार। मानदेय में बढ़ोतरी समेत पांच सूत्री मांगों को लेकर उत्तराखंड आशा स्वास्थ्य कार्यकर्ता यूनियन से जुड़ी चार ब्लॉकों की आशा कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को तहसील परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। दुगड्डा, जयहरीखाल, द्वारीखाल और एकेश्वर ब्लॉक की कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मांगें पूरी होने तक कार्य बहिष्कार जारी रखने की चेतावनी दी।
बृहस्पतिवार को चारों ब्लॉकों की आशा कार्यकर्ता कोटद्वार तहसील परिसर में एकत्र हुईं। दुगड्डा ब्लॉक अध्यक्ष प्रभा चौधरी के नेतृत्व में उन्होंने प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि तीन मार्च 2024 को मुख्यमंत्री ने आशाओं के प्रतिनिधिमंडल को मानदेय बढ़ाने का आश्वासन दिया था। इसके लिए हाईपावर कमेटी भी गठित की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में स्वास्थ्य विभाग की ओर से तीन हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय और 10 प्रतिशत प्रोत्साहन राशि दी जाती है। अब इसका भुगतान राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के माध्यम से कराने के आदेश दिए गए हैं।
आशाओं ने तीन हजार रुपये मानदेय और 10 प्रतिशत प्रोत्साहन राशि में बढ़ोतरी का भुगतान पूर्व की भांति स्वास्थ्य विभाग से कराने की मांग की। इसके अलावा 42 हजार रुपये न्यूनतम मासिक वेतन, पीएफ और ईएसआई की सुविधा, सेवानिवृत्ति पर पेंशन और पांच लाख की एकमुश्त सहायता देने की मांग उठाई।
प्रदर्शनकारियों में प्रमिला, नीलम कुकरेती, मीना रावत, भागीरथी, बिमला जदली, कल्पना बिष्ट, कल्पना काला, संजू रावत, संपत्ति, जशोदा, कांति, जमुना, कविता, रेनू, सुमित्रा भट्ट, गोदांबरी, ज्योति रावत, पूजा देवी, मधु ममगाईं शामिल रहीं।