शहीद मुकेश बिष्ट स्मृति राज्य स्तरीय फुटबाल टूर्नामेंट के तीसरे दिन पूल ए के अंतिम दो मुकाबले खेले गए, जिसमें कोटद्वार अंडर-23 और आर्मी ब्वॉयज ने कड़े संघर्ष में अपने मैच जीते। मैच में आर्मी ब्वॉयज ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए कोटद्वार-21 को पांच गोल से हराया।
मिनी स्टेडियम मोटाढांक में आयोजित प्रतियोगिता में पूल ए के अंतिम दिन का पहला मैच कोटद्वार अंडर-17 और कोटद्वार अंडर-23 के बीच खेला गया। पहले हाफ में कोटद्वार अंडर 23 के वेदांत रावत और गौरव केस्टवाल ने एक-एक गोल कर टीम को निर्णायक बढ़त दिलाई। दूसरे हाफ में भी कोटद्वार अंडर-23 के खिलाड़ी दूसरी टीम पर हावी रहे। अनीस नेगी और वर्मिंग बिष्ट ने एक-एक गोल लगाकर स्कोर 4-0 कर मैच अपने नाम किया।
अंतिम मैच आर्मी ब्वॉयज और कोटद्वार-21 के बीच खेला गया। पहले हाफ में आर्मी ब्वॉयज के कोठारी ने दो गोल किए। पहले हॉफ के अंतिम समय रक्षापंक्ति की गलती से मिले पेनल्टी को आर्मी ब्वॉयज के अमन रावत ने गोल मारकर टीम 3-0 की बढ़त दिला दी। दूसरे हाफ में भी आर्मी ब्वॉयज का जलवा कायम रहा। नरेश रावत ने चौथा गोल किया और विवेक राणा ने पांचवां गोल करके 5-0 से एक तरफा जीत हासिल की। मैचों का आंखों देखा हाल मेहरबान नेगी और सुरदीप गुसाईं ने सुनाया। निर्णायक की भूमिका में शिवा चौधरी, ऋतिक नेगी और रजत नेगी रहे।
आज होंगे क्वार्टर फाइनल
पहला मैच- लैंसडौन और यूथ गढ़वाल।
दूसरा मैच- पौड़ी और कोटद्वार अंडर-19
रोमांचक मुकाबलों में सोनेट, कोटद्वार और मालिनी क्लब जीते
कण्वघाटी। भाबर के जीआईसी कण्वघाटी में आयोजित किशनपुर क्रिकेट लीग क्रिकेट प्रतियोगिता के पांचवें दिन खेले गए रोमांचक मुकाबलों में सोनेट, कोटद्वार इलेवन और मालिनी क्लब ने जीत दर्ज कर अगले दौर में प्रवेश किया।
पहला मुकाबला सोनेट और सिगड्डी क्लब के बीच खेला गया। सोनेट क्लब ने निर्धारित ओवरों में 154 रन बनाए, जिसमें धुआंधार पारी खेलते हुए अरुण नेगी ने 75 और अभिषेक सुयाल ने 28 रनों को योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी सिगड्डी क्लब सिर्फ 74 रन ही बना पाई और सोनेट क्लब ने क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। दूसरे मैच में कोटद्वार इलेवन ने पहले खेलते हुए कृष्णा 50 और मोन्टी 45 रनों की बदौलत 180 रन बनाए। बल्लेबाजी करने उतरी कोटद्वार पुलिस की टीम 176 रन ही बना पाई और मैच कोटद्वार इलेवन के नाम रहा। तीसरे मुकाबले में मालिनी क्लब ने उमरावपुर इलेवन को 10 रनों से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। मैच में अंपायर, स्कोरर और कमेंटेटर की भूमिका नीरज रावत, प्रदीप डबराल, राहुल रावत, गणेश धूलिया और अभिषेक उप्रेति ने निभाई। इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष विकास कुकरेती, दिनेश जोशी, विनय केष्टवाल, पंकज भारद्वाज, सौरभ कुकरेती मौजूद रहे।