कोटद्वार। आईएचएमएस की वार्षिक खेल प्रतियोगिता ओलंपियाड में अर्जुन हाउस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियनशिप अपने नाम की। प्रतियोगिता में 190 अंक हासिल कर अर्जुन हाउस ने विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
मुख्य अतिथि कोटद्वार कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक प्रदीप नेगी ने विजेता हाउस को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। संस्थान परिसर के खेल मैदान में आयोजित प्रतियोगिता के अंतिम दिन बैडमिंटन, वॉलीबाल और रस्साकशी के फाइनल मुकाबले खेले गए। मुख्य अतिथि प्रदीप नेगी ने दीप प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।
अंतिम दिन बालिका वर्ग की बैडमिंटन डबल्स प्रतियोगिता में गंभीर हाउस ने प्रथम, अर्जुन हाउस ने द्वितीय और प्रफुल्ल हाउस ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बालिका वॉलीबाल में अर्जुन हाउस ने गंभीर हाउस को हराकर खिताब जीता। वहीं, रस्साकशी के बालक वर्ग में अर्जुन हाउस ने प्रफुल्ल हाउस और बालिका वर्ग में गंभीर हाउस को हराकर दोहरी जीत दर्ज की।
अंकतालिका में 103 अंक के साथ प्रफुल्ल हाउस दूसरे, 98 अंक लेकर गंभीर हाउस तीसरे और 69 अंक के साथ गोपाल हाउस चौथे स्थान पर रहा। इस अवसर पर कार्यकारी निदेशक अजय राज नेगी, प्राचार्य डॉ. अश्वनी शर्मा, जनसंपर्क अधिकारी नरेश थपलियाल, खेल समन्वयक अंकित कुकरेती सहित कॉलेज के प्राध्यापक और कर्मचारी मौजूद रहे।