कोटद्वार। नगर निगम और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने नगर में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान टीम के गोखले मार्ग पर टीम के पहुंचते ही सड़क पर अतिक्रमणकर फल सब्जी की फड़ व रेहड़ी लगाने वालों में अफरातफरी मच गई। कई लोग अपनी फल व सब्जी की रेहड़ी लेकर भाग निकले। इस दौरान पुलिस टीम ने कई फड़ वालों की फल सब्जी व अन्य सामान जब्त कर लिया।
बृहस्पतिवार शाम को सहायक नगर आयुक्त अजय कुमार अष्टवाल और बाजार चौकी प्रभारी एसआई प्रमोद कुमार के नेतृत्व में नगर निगम व कोतवाली पुलिस की टीम ने नगर में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान टीम सबसे पहले गोखले मार्ग पहुंची। टीम को देखते ही फल सब्जी वालों में हड़कंप मच गया और वह टोकरियों में रखे फल व सब्जी को लेकर इधर-उधर भागते हुए नजर आए। जो फल सब्जी वाले अपनी फल व सब्जी नहीं समेट पाए, टीम ने उनके फल सब्जी व सामान को जब्त कर लिया। रेहड़ी वाले भी अपने रेहड़ियां लेकर गलियों में भाग निकले। इसके बाद टीम स्टेशन रोड पहुंची। यहां नगर निगम की टीम ने सड़क पर बर्तन रखने पर एक बर्तन कारोबारी का 500 रुपये का चालान काटा। सहायक नगर आयुक्त अजय कुमार अष्टवाल ने बताया कि अतिक्रमण हटाओ अभियान जारी रहेगा।
.
फोटो समाचार
जारी
अशोक केष्टवाल
.