डाडामंडी क्षेत्र के एक गांव के एक किशोर में कोरोना के लक्षण पाए जाने पर स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। किशोर को पीएचसी दुगड्डा से पर्सनल प्रोटेक्शन इक्विपमेंट (पीपीई) किट पहनाकर कोटद्वार बेस अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया है।
डाडामंडी के एक गांव का किशोर ऋषिकेश के एक आश्रम में संस्कृत की शिक्षा ले रहा है। वहां वह विदेशी पर्यटकों के संपर्क में आया। क्षेत्र में कोरोना का कहर होने और लॉकडाउन के कारण वह 21 मार्च को गांव लौट आया। गांव पहुंचने के बाद युवक ने पीएचसी डाडामंडी और बेस अस्पताल में अपना चेकअप कराया, तब कोई लक्षण नहीं होने पर डाक्टरों ने उसे घर भेज दिया। बृहस्पतिवार को उसे खांसी, जुखाम और बुखार होने पर वह अपनी मां के साथ पीएचसी दुगड्डा पहुंचा, जहां प्रारंभिक जांच में किशोर में कोराना के लक्षण मिले हैं।
पीएचसी के चिकित्साधिकारी डा. फिरोज आलम ने बताया कि प्रारंभिक जांच में किशोर में कोरोना के लक्षण मिले हैं। सूचना पर पीपीई किट लेकर पहुंची बेस अस्पताल की टीम किशोर को कोटद्वार ले आई। बेस अस्पताल के पीएस डा. वीसी काला ने बताया कि कोरोना के संदिग्ध किशोर को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया है।