कोटद्वार। भाबर क्षेत्र के वार्ड नंबर-28, नींबूचौड़ स्थित एक कॉलोनी के निवासियों ने रजिस्ट्री में दर्ज 15 फीट चौड़ी सड़क पर अतिक्रमण हटाने की मांग को लेकर वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मंजू शर्मा के माध्यम से एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। कॉलोनीवासियों का कहना है कि प्लॉट खरीदते समय उन्हें 15 फीट चौड़ी सड़क उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया था और इसका स्पष्ट उल्लेख उनकी रजिस्ट्री में भी दर्ज है। इसके बावजूद सड़क की भूमि पर कथित अतिक्रमण होने से आज तक निर्धारित चौड़ाई की सड़क विकसित नहीं हो सकी है।
कॉलोनीवासियों ने एसडीएम से मांग की है कि रजिस्ट्री, स्वीकृत लेआउट और राजस्व अभिलेखों के आधार पर मौके का सीमांकन कराया जाए। यदि जांच में सड़क की भूमि पर अतिक्रमण की पुष्टि होती है तो उसे तत्काल हटाते हुए रजिस्ट्री के अनुसार 15 फीट चौड़ी सड़क उपलब्ध कराई जाए। ज्ञापन सौंपने वालों में मधुसूदन चौहान, अनीता बिष्ट, दीपा देवी, दिव्या रावत, निर्मला बड़थ्वाल, अंकिता नेगी, महावीर सिंह नेगी, संतोषी नेगी, सोनिका असवाल, राजेश बलोधी शामिल रहे। संवाद