कोटद्वार। चारधाम यात्रा पर भेजी गईं कोटद्वार रोडवेज डिपो की सभी नौ बसें वापस लौट आई हैं। चारधाम रूट पर यात्रियों का काफी अभाव होने के कारण बसों को वापस लाकर पूर्व निर्धारित रूट पर लगाया गया है। वहीं, कोटद्वार में भी यात्रियों का खासा अभाव होने से डिपो प्रशासन और चालक-परिचालक परेशान हैं।
अप्रैल के अंतिम सप्ताह में एक-एक कर कोटद्वार रोडवेज डिपो की बीएस-6 श्रेणी की सभी नौ बसों को चारधाम यात्रा के लिए ऋषिकेश डिपो भेज दिया गया था। मई के पहले हफ्ते में ही पांच रोडवेज बसें ऋषिकेश से वापस लौट आई थीं। शेष चार बसों को चारधाम यात्रा रूट पर भेजा जा रहा था। इन्हें भी पर्याप्त यात्री नहीं मिलने पर इन बसों को भी अब कोटद्वार भेज दिया गया है। एक पखवाड़े तक ऋषिकेश में यात्रा रूट पर रहीं बसों ने कितनी आय अर्जित की, इसकी जानकारी अभी डिपो अधिकारियों को भी नहीं है।
वहीं, सभी नौ बसों के लौट आने से डिपो अधिकारियों की चिंताएं और भी बढ़ गई हैं। दरअसल, कोटद्वार में बसों को यात्री नहीं मिल पा रहे हैं। गिने-चुने यात्रियों को लेकर रूट पर निकलने से न केवल बस की आय प्रभावित हो रही है, बल्कि चेकिंग के दौरान बस में 10 से कम यात्री मिलने पर यातायात निरीक्षक इसकी रिपोर्ट में कार्रवाई की संस्तुति उच्चाधिकारियों से कर रहे हैं।
.
ये माने जा रहे प्रमुख कारण
मकर संक्रांति से महाशिवरात्रि तक प्रयागराज में महाकुंभ का आयोजन।
भारी बारिश और बर्फबारी के लिए बार-बार जारी की जा रही चेतावनी।
पहलगाम हमले के बाद से भारत-पाकिस्तान के बीच लगातार बढ़ता तनाव।
चारधाम रूट पर बसों को पर्याप्त यात्री नहीं मिलने के कारण फिलहाल कोटद्वार की बसों को वापस मंगवा लिया गया है। आवश्यकता पड़ने पर बसें पुन: भेज दी जाएंगी। -अनुराग पुरोहित, एआरएम, कोटद्वार