पुंडेर और गड़कोट के तीन गांवों में हुई चोरी
अधिकांश भवन स्वामियों के बाहर होने के कारण चोरी के सामान का नहीं चला पता
संवाद न्यूज एजेंसी
सतपुली। जयहरीखाल ब्लॉक के ग्रामसभा पुंडेर और गड़कोट के तीन गांवों में चोरों ने एक स्कूल समेत 12 से अधिक मकानों के ताले तोड़ डाले। अधिकांश भवन स्वामियों के बाहर होने के कारण चोरी हुए सामान का ब्योरा नहीं मिल पाया है। सूचना पर राजस्व पुलिस ने मंजकोट गांव पहुंचकर मौका मुआयना किया।
पटवारी सर्किल कौड़िया प्रथम के राजस्व उपनिरीक्षक तीरथ सिंह बिष्ट ने बताया कि चोरों ने शनिवार रात को ग्राम पंचायत पुंडेरगांव के मंजकोट गांव में चोरों ने छह घरों के ताले तोड़ डाले। जिन घरों के ताले तोड़े हैं, उनमें कैलाश बुड़ाकोटी, तोताराम बुड़ाकोटी, मनोज बुड़ाकोटी, अतुल बुड़ाकोटी, सुरेंद्र प्रसाद और पवेत्री देवी के मकान शामिल हैं। वहीं, निकटवर्ती ग्रामसभा गड़कोट के बरदूगांव निवासी सुरजन रौतेला ने बताया कि वह अपने दो भाइयों समेत सतपुली में रहते हैं। शनिवार रात उनके पैतृक भवन के चार कमरों के ताले तोड़कर चोरों ने सारा घर खंगाल डाला। बदमाशों ने घर में ही रात को खाना बनाकर भी खाया। हालांकि बरदूगांव से कुछ चोरी नहीं हुआ। उधर, बटनखेत में गांव के बीचोंबीच स्थित गिरीश चंद्र के घर का ताला भी चोरों ने तोड़ डाला। चोरों ने ईश्वर चंद्र के किराए पर रह रही एक शिक्षिका के कमरे का ताला भी तोड़ डाला। वह होली की छुट्टी होने के कारण घर गई है। वहीं चोरों ने प्राथमिक विद्यालय गढ़कोट में भी ताले तोड़कर सामान खंगाला है। ग्राम प्रधान की सूचना पर राजस्व उप निरीक्षक ने मंजकोट में मौका मुआयना किया। हालांकि मंजकोट के अलावा अन्य गांवों में टूटे तालों पर उपनिरीक्षक ने अनभिज्ञता जताई।