श्रीनगर। लगातार बारिश ने श्रीनगर नगर निगम क्षेत्र स्थित अलकेश्वर घाट को बुरी तरह नुकसान पहुंचाया है। घाट पर लगी पत्थरों की बड़ी-बड़ी टाइलें जगह-जगह से उखड़ गई हैं। वहीं सुरक्षा के लिए लगाई गई स्टील की ग्रिल भी कई हिस्सों में टूट-फूट गई है। उपरी इलाकों से अलकनंदा नदी में बहकर आए बड़े-बड़े पेड़, लोहे के टुकड़े और मलबे ने घाट की संरचना को और भी क्षतिग्रस्त कर दिया। घाट पर बने पोर्च व शवदाह स्थल के नीचे भी भारी मात्रा में मलबा जमा हो गया है, जिससे वहां आवाजाही मुश्किल हो गई है।
फिलहाल नदी का जलस्तर ऊंचा होने के कारण ग्रिल और घाट का पूरा नुकसान साफ नजर नहीं आ रहा है। हालांकि, जहां तक दिखाई दे रहा है, घाट को भारी क्षति पहुंची है। बारिश थमने और नदी का जलस्तर कम होने के बाद ही नुकसान का सही आकलन किया जा सकेगा। नगर निगम के सहायक नगर आयुक्त रविराज सिंह बंगारी ने बताया कि -अभी लगातार बारिश जारी है, इसलिए घाट की वास्तविक स्थिति स्पष्ट नहीं हो पा रही। बारिश बंद होने के बाद निरीक्षण कर क्षति का आकलन किया जाएगा।
सत्य प्रसाद मैठाणी