पौड़ी। गढ़वाल वन प्रभाग के पैठाणी रेंज में फिर से भालू ने दो मवेशियों का मार डाला। विभाग के मुताबिक भालू अभी तक क्षेत्र में 19 मवेशियों को मार चुका है। हालांकि वन विभाग की ओर से अभी भी क्षेत्र में टीमें तैनात हैं।विकासखंड थलीसैंण में फिलहाल भालू की दहशत कम होने का नाम नहीं ले रही है। बीते रविवार रात को कुंडिल गांव में करीब 9 बजे भालू ने एक गाय पर हमला कर दिया। ग्रामीणों के शोर मचाने पर वह भाग गया। इसके बाद भालू ने कुचोली गांव में एक बैल को मार डाला। एसडीओ वन विभाग पौड़ी आयशा बिष्ट ने बताया कि टीम के पहुंचने से पहले ही भालू भाग जा रहा है। हालांकि क्षेत्र में वन विभाग की पांच टीमों में 25 कर्मचारियों को तैनात किया गया है। जिसमें दो चिकित्सक, दो ट्रेंकुलाइज स्नाइपर के साथ ही अनुभवी वन्यजीव विशेषज्ञ क्षेत्र में लगातार निगरानी कर रहे हैं। बताया कि एक और चिकित्सक देहरादून से बुलाए गए हैं। इसके अलावा इंफ्रारेड नाइट विजन ड्राेन की भी मांग की जा रही है। साथ ही भालू की गतिविधियों के लिए 10 ट्रैप कैमरे भी लगाए गए हैं। टीमें दिन में ड्रोन उड़ाकर भालू की तलाशी कर रही है। लेकिन वह दिन में नजर ही नहीं आ रहा।