कोटद्वार/दुगड्डा। लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) दुगड्डा ने अपने खंड के अंतर्गत आने वाली सभी सड़कों के किनारे अनियंत्रित निर्माण और अतिक्रमण करने वालों को चेतावनी दी है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि सड़क किनारे भूमि नियंत्रण अधिनियम (रोड साइड लैंड कंट्रोल एक्ट) के तहत संबंधित विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) लिए बिना किसी भी तरह का निर्माण कार्य नहीं किया जा सकता है।
लोनिवि के अवर अभियंता संतोष भारद्वाज ने बताया कि अधिनियम के तहत सड़क किनारे अनियंत्रित निर्माण, अतिक्रमण और भूमि के अनधिकृत उपयोग पर प्रतिबंध है। ऐसे मामलों में विभाग की ओर से पहले संबंधित लोगों को नोटिस जारी किए जा रहे हैं। इसके बाद मामलों की सूचना तहसील प्रशासन को भेजी जा रही है।
उन्होंने बताया कि नियंत्रित क्षेत्र में बिना अनुमति भवन निर्माण, व्यावसायिक गतिविधियां संचालित करने, खुदाई करने, नालियां बंद करने और मलबा डालने पर रोक है। स्टेट हाईवे समेत सभी प्रकार की सड़कों के किनारे पांच मीटर के दायरे में किसी भी तरह का पक्का निर्माण नहीं कराया जा सकता है। यह प्रतिबंध उन जमीनों पर भी लागू होगा, जो नापखेत की श्रेणी में आती हैं। विभाग ने लोगों से नियमों का पालन करने और निर्माण कार्य से पहले आवश्यक अनुमति लेने की अपील की है। बताया कि दुगड्डा-कांडी मार्ग और धुमाकोट की ओर कई लोगों को इस आशय के नोटिस जारी किए गए हैं।