कोटद्वार भाबर क्षेत्र के बलभद्रपुर में भूमि बेचने के एवज में एक महिला से 15 लाख रुपये समेत कई लोगों से लाखों की धोखाधड़ी करने के आरोपी इनामी प्रापर्टी डीलर को पुलिस ने जयपुर (राजस्थान) से गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी को एसीजेएम कोर्ट में पेश किया जहां न्यायालय के आदेश पर उसे 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में पौड़ी जेल भेज दिया गया है।
कोतवाल विजय सिंह ने बताया कि बीईएल कालोनी बलभद्रपुर निवासी पीड़िता दीपमाला पत्नी श्याम कुमार की ओर से गत 31 जुलाई, 2022 को थाने में तहरीर दी गई थी। पीड़िता ने मगनपुर निवासी पदमेंद्र असवाल पर जमीन बेचने के नाम पर 15 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया था। कहा कि उन्होंने आरोपी से भूमि की रजिस्ट्री कराने या पैसा लौटाने की बात कही तो आरोपी ने मना कर दिया।
साथ ही आरोपी ने उसे और उसके पति को जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने मामले में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपी की धरपकड़ के लिए दबिशें दी लेकिन सफलता नहीं मिल पाई। उसके खिलाफ हल्दूखाता भाबर के कई और लोगों ने भी पुलिस को तहरीर दी है। आरोपी कई लोगों से एक करोड़ से अधिक की ठगी कर चुका है।
एसएसपी श्वेता चौबे के निर्देश पर फरार आरोपी पर दस हजार रुपये का इनाम घोषित कर उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने आरोपी पदमेंद्र असवाल को बृहस्पतिवार को सहारा सिटी जयपुर (राजस्थान) से गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ 35 लाख की धोखाधड़ी का एक अन्य मुकदमा कोटद्वार कोतवाली में पहले से दर्ज है। आरोपी ने बताया कि जमीन बेचने के नाम पर वह कई लोगों से एक करोड़ से अधिक की धोखाधड़ी कर चुका है। लोगों की ओर से पैसे लौटाने का दबाव बनाए जाने पर वह घर छोड़कर राजस्थान शिफ्ट हो गया था।