पुलिस ने लोगों का करोड़ों रुपये लेकर फरार चल रही चिट एंड फंड कंपनी के एक पदाधिकारी को एसटीएफ (स्पेशल टास्क फोर्स) कार्यालय देहरादून से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसे कोटद्वार लाकर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में पौड़ी जेल भेज दिया है।
कोतवाल नरेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि एक चिट फंड कंपनी के मालिक समेत सात लोगों पर लोगों का करोड़ों रुपये लेकर फरार होने का मामला सामने आया था। पीड़ित पक्ष की ओर से मामले की जांच के लिए करीब पांच माह पूर्व एसटीएफ को लिखा गया था। एसटीएफ जांच के बाद गत सात अक्तूबर को चिट फंड कंपनी से जुड़े सात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की जांच उपनिरीक्षक सतेंद्र भंडारी को सौंपी गई थी। शुक्रवार को एसआई सतेंद्र भंडारी और संदीप कुमार ने सात में से एक आरोपी अमित पंवार निवासी कृष्णानगर शामली उत्तर प्रदेश को एसटीएफ कार्यालय देहरादून से गिरफ्तार किया और कोटद्वार ले आए। उसे यहां न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में पौड़ी जेल भेज दिया गया है। अन्य की तलाश की जा रही है।