कोटद्वार। सड़क पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण दो बच्चों की मौत के मामले में आरोपी अभिषेक को अदालत से जमानत मिल गई है। अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश (एडीजे) रजनी शुक्ला की अदालत ने आरोपी की जमानत अर्जी स्वीकार करते हुए 35 हजार के निजी मुचलके और समान धनराशि के दो जमानती प्रस्तुत करने पर रिहा करने के आदेश दिए हैं।
अभियोजन के अनुसार, चार अक्तूबर 2026 को आरोपी तेज गति और लापरवाही से वाहन चला रहा था। इसी दौरान वाहन की चपेट में आने से दो बच्चे वंश और लक्ष्य गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हादसे में वंश की मौके पर मौत हो गई थी जबकि गंभीर रूप से घायल लक्ष्य ने कई दिनों बाद उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया। अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने और अभियोजन अभिलेखों का अवलोकन करने के बाद मामले की परिस्थितियों को देखते हुए जमानत अर्जी स्वीकार कर ली।