एबीवीपी के स्थापना दिवस पर बोलीं विधानसभा अध्यक्ष
कोटद्वार। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के 78वें स्थापना दिवस एवं राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस के उपलक्ष्य में भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा, खेल, सांस्कृतिक, सामाजिक एवं अन्य विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं एवं समाज में उल्लेखनीय योगदान देने वाले युवाओं को सम्मानित किया गया।
नगर निगम कोटद्वार के प्रेक्षागृह में रविवार को आयोजित कार्यक्रम की मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी ने कहा कि विद्यार्थी ही राष्ट्र का भविष्य हैं और ऐसे प्रतिभावान विद्यार्थियों का सम्मान समाज को सकारात्मक दिशा देने का कार्य करता है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद केवल एक छात्र संगठन नहीं बल्कि राष्ट्र निर्माण की भावना से कार्य करने वाला विश्व का सबसे बड़ा छात्र संगठन है।
विशिष्ट अतिथि मेयर शैलेंद्र सिंह रावत ने कहा कि प्रतिभाओं का सम्मान युवाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्वों के निर्वहन का भी आह्वान किया। प्रवासी कार्यकर्ता एवं पौड़ी विभाग के विभाग संगठन मंत्री केशव बिजल्वाण ने कहा कि परिषद पिछले 78 वर्षों से छात्र, समाज व राष्ट्र हित के लिए कार्य कर रही है।
जिला प्रमुख सिद्धार्थ कोटनाला, पौड़ी विभाग संयोजक अजय रावत, जिला संगठन मंत्री निश्चय शर्मा, जिला संयोजक अक्षिता केष्टवाल, इकाई अध्यक्ष आशीष काला, अर्पित, आकांक्षा, चैतन्य आदि कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में अतिथियों ने विभिन्न शिक्षण संस्थाओं के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया।