कोटद्वार। मानपुर में एक घर में चोरी कर रहे व्यक्ति को लोगों ने दबोच लिया, जबकि दूसरा चोर भागने में सफल रहा। लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर आरोपी के दूसरे साथी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। चोरों ने इससे पहले एक स्टोर में काम कर रहे मजदूरों के मोबाइल और पर्स भी चोरी कर लिए थे।
मानपुर निवासी अनिल कुकरेती पुत्र स्व. गोविंद प्रसाद कुकरेती ने बताया कि उनके मकान के नीचे के दो मंजिलों में दुकान और स्टोर है, जबकि तीसरे और चौथी मंजिल में वे परिवार समेत रहते हैं। उन्होंने बताया कि दुकान में फर्नीचर, ग्रिल और आलमारी का काम किया जाता है। आज दोपहर दो चोर मेन गेट खोलकर भीतर घुसे। एक चोर बाहर निगरानी कर रहा था, जबकि दूसरा चोर भीतर घुसकर सामान खंगाल रहा था। गेट खुला देखकर वह बाहर आए तो दोनों तेजी से भागने लगे। उन्होंने स्कूटी से पीछा कर एक चोर को दबोच लिया, जबकि दूसरा भागने में सफल रहा। पकड़े गए चोर को पुलिस के हवाले कर दिया गया। चोर उनकी दुकान में रखी दो लोहे की गाटर और दो गेहूं की बोरी सोमवार को चोरी कर ले गए थे। मंगलवार को एक बार फिर दोनों चोरी करने के उद्देश्य से दुकान में घुसे थे। इससे पूर्व चोरों ने पेंसिल फैक्ट्री के समीप एक ईंट और सीमेंट स्टोर में काम कर रहे मजदूरों के पैंट की जेब से पर्स और मोबाइल भी चोरी किए, जो चोर की जेब से बरामद कर लिए गए हैं। एसएसआई प्रदीप नेगी ने बताया कि दोनों चोर धर्मवीर सिंह और सलमान निवासी आमपड़ाव को हिरासत में लिया गया है। मामले में भवन स्वामी की ओर से अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।