कोटद्वार। कोटद्वार में भी अब डेंगू ने दस्तक दे दी है। राजकीय बेस अस्पताल में दो के मरीजों पर डेेंगू की पुष्टि हो गई है, जबकि पांच मरीजों में डेंगू के लक्षण पाए गए हैं। डेंगू की पुष्टि होते ही स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। अस्पताल के डाक्टरों ने डेंगू के मरीजों को भर्ती कर उनका इलाज शुरू कर दिया है, जबकि पांच मरीजों में डेंगू के प्रारंभिक लक्षण पाए जाने पर उनका रक्त एलाइजा टेस्ट के लिए मेडिकल कॉलेज श्रीनगर भेजा गया है।
गत सप्ताह से कोटद्वार और निकटवर्ती पर्वतीय क्षेत्रों में तेज बुखार का प्रकोप बढ़ गया है। इसके कारण अस्पताल की ओपीडी में बुखार के मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है। डेंगू का मामला उस समय प्रकाश में आया, जब अस्पताल के फिजिशियन डा. जेसी ध्यानी के पास कुछ मरीज तेज बुखार, उल्टी और सिरदर्द की शिकायत लेकर पहुंचे। डाक्टर ने उनकी जांच करने पर डेंगू के प्रारंभिक लक्षण पाने पर उनका रक्त एलाइजा टेस्ट के लिए मेडिकल कालेज श्रीनगर भेजा था। इसमें से सिताबपुर निवासी रितिक (18) और जौनपुर निवासी मनमोहन (74) की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके अलावा पांच अन्य मरीजों पर डेंगू होने के पूरे आसार बताए जा रहे हैं। अस्पताल के डाक्टरों को उनके एलाइजा रिपोर्ट का इंतजार है। उधर, अस्पताल के सीएमएस डा. वीके शुक्ला ने बताया कि डेंगू के मरीजों के इलाज में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। फिजिशियन को डेंगू के मरीजों के इलाज के लिए खास निर्देश दिए गए हैं।
-फोटो