हर एक काउंटर पर भीड़ के कारण रहा आपाधापी का आलम
कोटद्वार। राजकीय बेस अस्पताल में सोमवार को मरीजों की खासी भीड़ रही। पंजीकरण, बिलिंग काउंटर के अलावा सभी ओपीडी और दवा वितरण केंद्र पर मरीज कतार में लगे रहे।
रविवार अवकाश के बाद सोमवार सुबह बेस अस्पताल खुलते ही मरीजों की भीड़ उमड़ना शुरू हो गई। दोपहर होते सैकड़ों मरीज अस्पताल पहुंच गए। पंजीकरण काउंटर, बिलिंग काउंटर, सभी चिकित्सकों की ओपीडी, इंजेक्शन कक्ष, पैथोलॉजी लैब और दवा वितरण केंद्र, इन सभी जगहों पर मरीजों और तीमारदारों की लंबी कतार लगी नजर आई। यहां तक कि इमरजेंसी वार्ड में भी मरीज पहुंचते रहे।
लकड़ीपड़ाव क्षेत्र से अस्पताल पहुंचे मरीज शरीफ अहमद का कहना था कि उसे अस्पताल से दवा लेकर निकलने में पूरे दो घंटे लगे। उसके साथ कुछ और मरीज भी उन्हें भी इतना ही समय लगा। दुगड्डा क्षेत्र से आए कुशल सिंह रावत का कहना था कि गनीमत थी कि उनके साथ एक परिचित थे। उनकी मदद से वह उपचार ले सका। स्वास्थ्य ठीक नहीं होने के कारण लाइन में लगे रहना बड़ा मुश्किल था। कुशल सिंह ने पंजीकरण और बिलिंग काउंटर के अलावा अन्य जगहों पर भी वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और दिव्यांगजनों को प्राथमिकता देने की मांग की।