कोटद्वार/सतपुली। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में महर्षि वाल्मीकि जयंती धूमधाम से मनाई गई। कोटद्वार और सतपुली में वाल्मीकि समाज के लोगों ने मंदिर में पूजा अर्चना कर नगर क्षेत्र में बैंड बाजों के साथ आकर्षक झांकी निकाली। युवाओं ने अखाड़े में अपने हैरतअंगेज कौशल का प्रदर्शन किया। भगवान वाल्मीकि की झांकी आकर्षक का केंद्र रही।
कोटद्वार में वाल्मीकि समाज की ओर से शहर में बैंड बाजों के साथ शहर के मुख्य मार्गों में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इसमें राधा-कृष्ण, शिव-पार्वती, हनुमानजी, लव कुश, माता काली और भगवान वाल्मीकि की झांकी आकर्षण का केंद्र रही। अखाड़ा के पहलवानों ने हैरतअंगेज करतब दिखाए। शोभा यात्रा आमपड़ाव से शुरू होकर पटेल मार्ग, झंडाचौक, नजीबाबाद रोड, नजीबाबाद चौराहा, स्टेशन रोड, होते हुए आमपड़ाव में जाकर संपन्न हुई।
सतपुली कस्बे में महर्षि वाल्मीकि की जयंती धूमधाम से मनाई गई। वाल्मीकि नवयुवक संघ की नगर इकाई द्वारा महर्षि वाल्मीकि की भव्य झांकी निकाली गई। इस दौरान आयोजित अखाड़े में युवाओं द्वारा बाहुबल का प्रदर्शन किया गया।