कोटद्वार/दुगड्डा। पौड़ी हाईवे पर शनिवार देर रात चौथे मील रपटे के पास ईंट व सरिया से लदा एक डंपर अनियंत्रित होकर खोह नदी में गिर गया, जिसमें चालक धीरेंद्र (26) पुत्र नरेंद्र सिंह, निवासी ग्राम रिंगवाड़ (डाडामंडी क्षेत्र) की मौत हो गई।
दुगड्डा चौकी प्रभारी एसआई केडी शर्मा के अनुसार रात करीब 11 बजे ट्रक कोटद्वार से संगलाकोटी की ओर जा रहा था, तभी पैराफिट तोड़ते हुए नदी में जा गिरा। घटना का पता सुबह तब चला जब वाहन स्वामी पीएस भंडारी ने जीपीएस में ट्रक की अंतिम लोकेशन आमसौड़ के पास देखी। मौके पर पहुंचकर उन्होंने सड़क किनारे टायर के निशान देखे और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस व एसडीआरएफ टीम ने खाई में उतरकर चालक का शव बरामद किया और उसे बेस अस्पताल लाया। परिजनों की मौजूदगी में पंचनामा एवं पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिवार को सौंप दिया गया।
मृतक की बड़ी बहन रिंकी रावत ने बताया कि चार भाई-बहनों में धीरेंद्र सबसे छोटा था और दो दिन पहले ही बीमार पिता को देखने गांव गया था। दुर्घटना से परिवार में कोहराम मचा है।