कोटद्वार। गढ़वाल पूर्व सैनिक लीग की वार्षिक बैठक में पूर्व सैनिकों की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गई और कुछ मुद्दों का समाधान मौके पर ही किया गया। बैठक में गढ़वाल राइफल्स रेजीमेंट सेंटर के कमांडेंट ब्रिगेडियर विनोद नेगी ने लीग कार्यालय के कार्य सुचारू रखने हेतु सूबेदार हरि सिंह के माध्यम से कंप्यूटर प्रदान किया। बैठक की अध्यक्षता लीग अध्यक्ष लेफ्टिनेंट कर्नल बुद्धि बल्लभ ध्यानी (से.नि.) ने की। उन्होंने कंप्यूटर उपलब्ध कराने के लिए ब्रिगेडियर नेगी का आभार व्यक्त किया। जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल बीपी भट्ट (से.नि.) ने पेंशन और ईसीएचएस से संबंधित समस्याओं पर चर्चा कर कई मामलों का तत्काल समाधान कराया। बैठक में लीग के संरक्षक कर्नल बीएस गुसाईं (से.नि.), कोषाध्यक्ष विंग कमांडर बीपीएस रावत (से.नि.), उपाध्यक्ष दिनेश खंतवाल, महासचिव दान सिंह सहित पौड़ी, खिर्सू, कोट, पाबौ, कल्जीखाल, कालागढ़, रिखणीखाल, जयहरीखाल, पोखड़ा, द्वारीखाल व यमकेश्वर ब्लॉक के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व सचिव मौजूद रहे। कार्यक्रम में पूर्व सैनिक संघर्ष समिति के अध्यक्ष महेंद्रपाल सिंह रावत, सीएसडी कैंटीन मैनेजर कैप्टन धीरज कुकरेती (से.नि.) समेत कुल 65 पूर्व सैनिकों ने सहभागिता की।