श्रीनगर। तहसील कीर्तिनगर के अमरोली गांव में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। करीब डेढ़ वर्ष पूर्व महिला का विवाह हुआ था। उसका 10 माह का बेटा भी है। हालांकि अभी तक इस संबंध में किसी भी पक्ष की ओर से कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
अमरोली निवासी विनोद लाल पुत्र मूर्तिराम की पत्नी मानसी (21) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मानसी का घर में शव पंखे से चुन्नी के सहारे लटका हुआ मिला। मानसी की अक्टूबर 2017 में विनोद लाल से शादी हुई थी। विनोद लाल गांव में ही दुकान चलाता है। पुलिस को दी जानकारी में विनोद ने बताया कि शुक्रवार शाम करीब आठ बजे मानसी का फोन आया कि जल्दी घर आओ। वह दुकान बंद करके घर के समीप पहुंचा ही था कि उसके पिता ने बताया कि मानसी कमरे का दरवाजा नहीं खोल रही है। वह दौड़कर कमरे के दरवाजे पर पहुंचा, लेकिन दरवाजा अंदर से बंद था। उसने पास में पड़ी एक लोहे की रॉड से दरवाजा तोड़ दिया। अंदर जाकर देखा तो मानसी पंखे पर चुन्नी के सहारे लटकी हुई थी। परिजनों ने आनन फानन में मानसी को उतारा और बेस अस्पताल लाए, जहां चिकित्सकों ने मानसी को मृत घोषित कर दिया। श्रीकोट चौकी प्रभारी एसआई महेश रावत ने बताया कि शादी को अभी मात्र डेढ़ वर्ष ही हुए थे, इसलिए नायब तहसीलदार (मजिस्ट्रेट) जेआर कोटनाला की मौजूदगी में पंचनामा भरा गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।