कोटद्वार। गत तीन और चार अगस्त की रात कोटद्वार में आई आपदा में मारे गए दो लोगों के परिजनों को सरकार की ओर से चार-चार लाख रुपये का अनुग्रह अनुदान बुधवार को दिया है। वन मंत्री डा. हरक सिंह रावत ने उनके आवास पर जाकर यह उक्त धनराशि के चेक प्रदान किए।
वन मंत्री के प्रतिनिधि सुधीर बहुगुणा ने बताया कि बुधवार को डा. हरक सिंह रावत ने अधिकारियों के साथ आपदा प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने आपदा में मारे गए मानपुर निवासी अजय कुमार की पत्नी विनीता देवी को उनके आवास पर पहुंचकर चार लाख रुपये के मुआवजे का चेक प्रदान किया। वन मंत्री ने मृतक आश्रितों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि सरकार पीड़ितों की हर संभव मदद करेगी। इसके बाद वन मंत्री ने बलभद्रपुर निवासी मृतक राजे सिंह सैनी के बेटों जितेंद्र और हरेंद्र सिंह को अनुग्रह राशि का चेक सौंपा। इस दौरान मानपुर की प्रधान किरन काला, दीपेंद्र काला समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद थे।
सुखरौ के पटवारी प्रमोद कुमार पुंडीर ने बताया कि उनके क्षेत्र में पांच लोग आपदा में मारे गए थे, जिसमें मानपुर निवासी शांति देवी के परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने सचे इनकार कर दिया था। द्वारीखाल ब्लाक की सीला पट्टी के रामागांव निवासी मृतका मुस्कान बानों के परिजनों ने भी मुआवजा लेने से इनकार कर दिया था।