कोटद्वार/लैंसडौन। द्वारीखाल ब्लॉक के ग्राम डाबर तिमली में एक गोशाला में सोमवार की रात्रि घुसे भालू ने दो मवेशियों को अपना निवाला बना लिया। इसी बीच ग्रामीणों ने भालू को गोशाला में कैद कर लिया। सूचना पर वन विभाग और राजस्व विभाग की टीमें गांव पहुंचीं और भालू को ट्रैंकुलाइजर गन से बेहोश कर पिंजरे में डालकर रामनगर रेस्क्यू सेंटर ले गए।
द्वारीखाल ब्लॉक के तिमली डाबर निवासी राकेश चंद्र ने बताया कि सोमवार की रात नौ बजे एक भालू उनकी गोशाला में घुसा और उनके दो पालतू मवेशियों को अपना शिकार बना लिया। उन्होंने गोशाला में घुसे भालू को वहीं बंद कर दिया। साथ ही इसकी सूचना वन विभाग के अधिकारियों को दी। सूचना पर मंगलवार सुबह वन विभाग की टीम गांव पहुंची और हालात का जायजा लिया। इस बीच भालू को देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई, जिससे वन विभाग की टीम को ट्रैंकुलाइज करने में दिक्कत हुई। सूचना के बाद लैंसडौंन थाने से मौके पर पहुंचे दो पुलिस कर्मियों ने भीड़ को हटाया। भीड़ हटने के बाद वन कर्मियों की टीम गोशाला में बंद भालू को ट्रैंकुलाइजर गन से बेहोश कर पिंजरे में डालकर अपने साथ ले गई। लैंसडौन वन प्रभाग के डीएफओ वैभव कुमार ने बताया कि भालू को ट्रैंकुलाइज कर रामनगर रेस्क्यू सेंटर ले जाया गया है। भालू ने ग्रामीण राकेश की दो गायों को अपना शिकार बनाया है। ग्रामीण को पशुहानि का मुआवजा देने के लिए अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
-फोटो