कोटद्वार। सिंचाई विभाग के मुख्य अभियंता (यांत्रिक) एनके शर्मा ने विभागीय अधिकारियों के साथ कोटद्वार भाबर क्षेत्र के राजकीय नलकूपों का निरीक्षण किया। इस मौके पर एई सच्चिदानंद कुकरेती को सम्मानित किया गया।
दुर्गापुर में आयोजित एक किसान गोष्ठी में उन्होंने भाबर के काश्तकारों की समस्याएं सुनीं। कहा कि जहां एक ओर बारिश न होने और ग्रीष्मकाल के चलते भाबर के नलकूपों में भूजल स्तर काफी कम हो गया है, वहीं गर्मी के कारण पानी का उपयोग भी बीस फीसदी तक बढ़ गया है। ऐसे में काश्तकारों और पेयजल के उपभोक्ताओं को भूजल का सही उपयोग करना ही समय की आवश्यकता है।
मुख्य अभियंता एनके शर्मा और अधिशासी अभियंता लिफ्ट सिंचाई खंड श्रीनगर आरएस शर्मा ने कोटद्वार में कार्यरत सहायक अभियंता सच्चिदानंद कुकरेती के कार्य को सराहनीय बनाते हुए उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। कहा कि वह कोटद्वार भाबर में 50 में से 40 नलकूप सिंचाई के साथ ही पेयजल व्यवस्था बनाने का दोहरा कार्य कर रहे हैं।
इस मौके पर सेवानिवृत्त सहायक अभियंता दिनेश देवली, सुनील पंत, अवर अभियंता जयदीप गुसाईं, काश्तकार विजय ध्यानी, विमल प्रसाद शुक्ला, हयात सिंह मेहरा, पूरण चंद्र, लक्ष्मण सिंह बिष्ट और बलवंत सिंह आदि मौजूद थे।
-फोटो