कोटद्वार। कोटद्वार जिले की मांग को लेकर उत्तराखंड क्रांति दल और बार एसोसिएशन ने संयुक्त रूप से घरना-प्रदर्शन किया। उन्होंने सरकार से नगर निगम को निरस्त करते हुए कोटद्वार को जिला बनाकर जनभावनाओं का सम्मान करने की मांग की।
शनिवार को कोटद्वार जिले की मांग को लेकर तहसील परिसर में यूकेडी कार्यकर्ता और अधिवक्ता एकत्र हुए। उन्होंने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी के साथ प्रदर्शन किया। इस अवसर पर यूकेडी के पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष श्रवण सिंह रावत ने कहा कि लोग वर्षों से कोटद्वार जिले की मांग कर रहे थे। विधानसभा चुनाव में कोटद्वार जिले को लेकर आश्वासन दिए जाने के बाद लोगों में कोटद्वार जिले को लेकर आस जगी थी, लेकिन भाजपा की सरकार बनने के बाद भाजपा जनभावनाओं के विपरीत नगर निगम थोपने का प्रयास कर रही है, जिससे लोगों को भारी भरकम टैक्स भरना पड़ेगा।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय कुमार पंत ने सरकार पर लोगों को धोखा देने का आरोप लगाया। कहा कि कोटद्वार विधायक ने विधानसभा चुनाव मेें आयोजित जनसभाओं में क्षेत्रीय जनता को तीन माह के अंदर जिला बनाने के नाम पर वोट मांगे थे, लेकिन जीतने के बाद जिला बनाने की वायदे ठंडे बस्ते में चले गए हैं।
इस अवसर पर बार एसोसिएशन के सचिव आशुतोष देवरानी, इंद्रेश भाटिया, सुनील नेगी, मुकेश कपटियाल, हेमेंद्र नौटियाल, यूकेडी के जिला प्रवक्ता यतेंद्र भट्ट, बृजमोहन नैैैथानी व मनोज कुमार उप्पल आदि मौजूद थे।
-फोटो